फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amar Ujala Sting: 'माल क्लियर पानी अमीर' कोडवर्ड, घर बैठे मंगाया जा रहा पेट्रोल-डीजल, कई राज्यों में नेटवर्क

Fri, 22 May 2026 12:01 PM IST
Mohd Mustakim महबूब अली, शामली

सार

Shamli News: वैश्विक स्तर पर तेल उत्पादों की बढ़ती कीमतों के चलते तेल माफिया की सक्रियता भी बढ़ गई है। वेस्ट यूपी से लेकर हरियाणा व उत्तराखंड तक अवैध रूप से तेल की सप्लाई की जा रही है। साथ ही मिलावटी तेल भी बनाया जा रहा है। 
विज्ञापन
शामली में एक पेट्रोल पंप पर जांच करती टीम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वेस्ट यूपी में नकली डीजल और पेट्रोल की तस्करी का नेटवर्क बेखौफ होकर संचालित किया जा रहा है। गिरोह के सदस्य सिर्फ एक फोन कॉल पर कोर्ड वर्ड के माध्यक से ड्रमों में डीजल-पेट्रोल की होम डिलीवरी देने का दावा कर रहे हैं।

विज्ञापन

पड़ताल में सामने आया कि 1500 रुपये भाड़ा और प्रति लीटर एक रुपया अतिरिक्त लेकर किसी भी जिले और प्रदेश में तेल पहुंचाया जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरा नेटवर्क कोड वर्ड के जरिए संचालित किया जा रहा है और बिना पहचान के किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत तक नहीं की जाती। पड़ताल में सामने आया कि कैराना, मेरठ और सोनीपत के बहालगढ़ क्षेत्र के तस्करों का गठजोड़ इस अवैध कारोबार को चला रहा है। गिरोह के सदस्य हरियाणा, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार सप्लाई देने का दावा कर रहे हैं।
 

कैराना रोड पर गुर्गे से बातचीत
संवाददाता : हमें गोदाम से माल नहीं उठाना, होम डिलीवरी चाहिए। बागपत और गाजियाबाद में कितनी देर में माल पहुंच जाएगा?
गुर्गा : एक गाड़ी का 1500 रुपये भाड़ा लगेगा। बाकी प्रति लीटर एक रुपया अतिरिक्त दे देना, जहां कहोगे वहां माल पहुंच जाएगा।
संवाददाता : कितनी देर लगेगी?
गुर्गा: डेढ़ से दो घंटे में माल की डिलीवरी हो जाएगी।
पहले कोड वर्ड बताओ, तब होगी बात
 

स्थान : बड़ौत, छपरौली चुंगी
संवाददाता : डीजल और पेट्रोल चाहिए, कब तक पहुंचा दोगे?
गुर्गा : पहले कोड वर्ड बताओ, जो हमारे पेशे में इस्तेमाल होते हैं।
संवाददाता : माल, क्लियर, पानी, अमीर।
गुर्गा : ठीक है, कितने समय से काम कर रहे हो?
संवाददाता : दो साल से। अब नया पेट्रोल पंप शुरू करना है।
गुर्गा : उसके लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ती है। ड्रम से तेल दिया जाएगा। मशीन में कोई गड़बड़ी नहीं होगी, पूरा सिस्टम समझा दूंगा।
संवाददाता : होम डिलीवरी का क्या रेट रहेगा?
गुर्गा : 82 रुपये लीटर पेट्रोल दूंगा। डिलीवरी के लिए प्रति लीटर एक रुपया अतिरिक्त देना होगा।
 

फोन नंबर जारी कर चला रहे नेटवर्क
पड़ताल में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने अलग-अलग मोबाइल नंबर जारी कर रखे हैं। इन नंबरों पर संपर्क करते ही बताए गए स्थान पर डीजल और पेट्रोल पहुंचाने की बात की जाती है। फोन पर ही ट्रक-टैंकरों की आवाजाही और डिलीवरी प्वाइंट की जानकारी दी जाती है। सूचना मिलते ही सप्लाई लेने वाले लोग मौके पर पहुंच जाते हैं।
 

मुजफ्फरनगर से रोहतक और मुरादाबाद तक ऑर्डर
गुर्गों ने दावा किया कि तेल के दाम बढ़ रहे हैं और आगे भी बढ़ोतरी की आशंका है। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुजफ्फरनगर, रोहतक, करनाल, पानीपत, मुरादाबाद, मेरठ, बागपत, सहारनपुर, हरिद्वार और गाजियाबाद से बड़े स्तर पर ऑर्डर मिले हैं। जल्द ही सभी स्थानों पर माल पहुंचा दिया जाएगा।

ये भी देखें...
Muzaffarnagar: आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी का खुलासा, सरगना सहित पांच सदस्य गिरफ्तार, 600 क्लाइंट रडार पर
 

ड्रमों में तैयार हो रहा मिलावटी तेल
पड़ताल में यह भी सामने आया कि कुछ गोदामों में पेट्रोल में साल्वेंट मिलाया जा रहा है, जबकि डीजल में केरोसिन ऑयल और अन्य केमिकल मिलाकर नकली तेल तैयार किया जा रहा है। इसके बाद ड्रमों के जरिए विभिन्न जिलों में सप्लाई की जा रही है।
 
विज्ञापन

ये बोले अधिकारी
डीजल और पेट्रोल माफिया पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में आपूर्ति विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों की भी मदद ली जाएगी।
— आलोक यादव, जिलाधिकारी शामली

मामले की जांच शुरू करा दी गई है। जल्द ही तेल की तस्करी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लोगों से अपील है कि इस तरह के अवैध धंधे में लिप्त लोगों की सूचना विभाग को दें, तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
— अंकुर यादव, जिला पूर्ति अधिकारी, शामली

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें