शामली। जिला औषधि निरीक्षक निधि पांडेय ने शामली केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज मलिक पर अभद्रता करने और अवैधानिक दवा बेचने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। उधर, देवराज मलिक का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने औषधि निरीक्षक की भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत उच्चाधिकारियों से की हुई है।
जिला औषधि निरीक्षक की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर शिकायती पत्र देकर बताया था कि शामली केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज मलिक 19 अक्तूबर को कई लोगों के साथ उनके मकान मालिक के घर पर आए थे। उन्होंने उनसे कार्यालय में बात करने के लिए कहा तो आरोप है कि उनके साथ अभद्रता की गई।
औषधि निरीक्षक ने देवराज मालिक पर नशीली व अवैधानिक दवा बेचने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उधर, एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज मालिक का कहना है कि जून महीने में औषधि निरीक्षक ने शाॅपिंग के नाम पर उनसे 50 हजार रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने पर भी रुपये नहीं लौटाए।
उन्होंने औषधि निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत उच्चाधिकारियों से की हुई है। इसलिए उन पर औषधि निरीक्षक ने झूठे आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की है। औषधि निरीक्षक के द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है। आदर्श मंडी थाना प्रभारी का कहना है कि औषधि निरीक्षक की तरफ से शिकायत मिली थी। दोनों पक्षों के बयान लिए गए हैं। मामले की जांच चल रही है।