थानाभवन में उखाड़ी गई सड़क। संवाद
थानाभवन। मोहल्ला कम्भोयान में लोगों ने बिना टेंडर के करीब 200 मीटर सड़क को उखाड़ने का आरोप लगाया है। इस मामले में ईओ ने जांच बैठा दी है। सड़क उखाड़ने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।
मोहल्ला कम्भोयान में शिव मंदिर से लेकर राकेश काम्बोज, नरेंद्र सैनी, देवेंद्र सिंघल के मकान तक लगभग 200 मीटर सड़क को निर्माण के लिए उखाड़ दिया गया। लोगों ने विरोध किया तो कर्मचारी मौके से भाग गए। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए कोई ठेका नगर पंचायत द्वारा नहीं छोड़ा गया था। अब टूटी सड़क से ही लोगों को गुजरना पड़ रहा है, जिसके कारण परेशानी हो रही है। मोहल्ला निवासी तुषार काम्बोज, अजब सिंह कश्यप, प्रवीण सिंघल का कहना है कि सड़क उखड़ने के कारण लोग परेशान है मगर नगर पंचायत के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
सड़क उखाड़ने की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है। टेंडर के बाद ही सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा। ठेकेदार को कोई भुगतान नहीं कराया जाएगा।
-जितेंद्र राणा, अधिशासी अधिकारी