शामली। किसान नेता ने सीएमओ कार्यालय में ज्ञापन देकर क्लीनिक पंजीकरण के नाम पर चिकित्सा विभाग पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग और उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
किसान नेता विनोद निर्वाल बृहस्पतिवार को समर्थकों के साथ सीएमओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि चिकित्सा विभाग में तैनात कुछ अधिकारियों ने जिलेभर के प्राइवेट चिकित्सकों को नोटिस जारी किए हैं। जिसमें क्लीनिक का पंजीकरण कराने की बात कही गई है, लेकिन कई प्राइवेट चिकित्सक ऐसे हैं जो सारी कागजात पूरे होने के बावजूद भी पंजीकरण कराने के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी उनके क्लीनिक का पंजीकरण नहीं कर रहे। अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद न तो कोई कार्रवाई की जा रही है और न ही पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने मामले में जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस मौके पर दीपक चौधरी, आस मोहम्मद, नदीम मसावी, अनिल कसरेवा, उदयबीर आदि मौजूद रहे।