शामली। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 39 केंद्रों पर होगी। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी है। अब परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। लखनऊ में कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों को सीधे जोड़कर निगरानी की जाएगी।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। जिला स्तर से केंद्रों के निर्धारण पर आपत्तियों की सुनवाई कर 39 केंद्रों की प्रस्तावित सूची बोर्ड को भेजी थी। बोर्ड ने जिले में 39 परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करते हुए परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए गए। जिले में हाईस्कूल के 13024 व इंटर के 11845 विद्यार्थी परीक्षा पंजीकृत हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक कक्ष में दो सीसीटीवी वॉयस रिकार्डर के साथ लगाए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्र डीवीआर के माध्यम से जिला कंट्रोल रूम से जुड़ेंगे। प्रत्येक केंद्र स्टेटिक एड्रेस देंगे। जिला कंट्रोल रूम सीधे लखनऊ में बनाए जाने वाले कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। लखनऊ कंट्रोल रूम से अधिकारी किसी भी केंद्र पर परीक्षा संचालन की स्थिति को देख सकेंगे। जिला कंट्रोल रूम में एक कंप्यूटर पर 11 या 12 परीक्षा केंद्रों को जोड़ा जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सीसीटीवी कैमरे व अन्य व्यवस्थाएं दुुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।