कोरोना पर अलर्ट: आठ बेड का बनाया कोरेनटाइन वार्ड
शामली। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए शासन के निर्देश पर जिला संयुक्त चिकित्सालय की बर्न यूनिट के भवन को कोरेनटाइन वार्ड बनाया गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित सात देशों से यदि कोई व्यक्ति शामली आता है तो, ऐसे यात्रियों को इसी वार्ड में 14 दिन तक रख कर निगरानी की जाएगी।
जिले में पहले से सीएचसी में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। अभी तक जिले में कोरोना का कोई संदिग्ध केस सामने नहीं आया है। अब शासन के निर्देश पर निर्माणाधीन जिला संयुक्त चिकित्सालय में आठ बेड का कोरेनटाइन वार्ड बनाया गया है, इसमें चार बेड महिला और चार पुरुष के लिए रखेे गए है। सीएमओ डा. संजय भटनागर ने बताया कि कोरोना संक्रमण से प्रभावित सात देशों चीन, साउथ कोरिया, जापान, इटली, स्पेन, जर्मनी और ईरान से आने वाले विदेश यात्रियों को कोरेनटाइन वार्ड में 14 दिन तक रखा जाएगा। अगर किसी यात्री में कोरोना के लक्षण दिखते है तो उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। अगर स्वस्थ है तो भी विदेश से आने के बाद 28 दिन तक निगरानी रखी जाएगी। इन सात देशों के अलावा अन्य देशों से आने वाले यात्रियों की उनके घर पर ही निगरानी रखी जाएगी। उन्हें स्वास्थ्य परामर्श देकर साबुन या सैनिटाइजर से हाथ धोने, सांस लेने का तरीका, जोर से न खांसने, भीड़ में न रहने और परिजनों से भी दूरी बनाकर रखने की सलाह दी जाएगी। सीएमओ ने बताया कि चिकित्सकों और स्टाफ के लिए सैनिटाइजर, मास्क और पर्सनल किट उपलब्ध हैं। करीब 10 हजार थ्री लेयर मास्क और 100 से अधिक एन-95 मास्क उपलब्ध हैं।
- सीएचसी में बनेगी हेल्प डेस्क
सीएमओ ने बताया कि बुखार के मरीजों के लिए सीएचसी में अलग कक्ष में व्यवस्था की गई है। शनिवार से यह व्यवस्था शुरू होगी। उसमें रोस्टर के अनुसार चिकित्सक की ड्यूटी रहेगी। ताकि बुखार के मरीज अन्य मरीजों से अलग रहें। पर्ची की खिड़की के निकट ही हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। हेल्प डेस्क से बुखार के मरीजों को चिकित्सक का नाम व स्थान की जानकारी दी जाएगी।
- अब तक 16 लोगों की हो चुकी निगरानी
विदेश से आने वाले 16 लोगों की स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर चुका है। सीएमओ ने बताया कि इनमें अधिकतर लोग चीन से आने वाले हैं। 28 दिन की निगरानी पूरी हो चुकी है। सभी लोग स्वस्थ है और उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। संभावना है कि नई लिस्ट दिल्ली से मिलने पर ही विदेश यात्रा से आने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिलेगी।
---- कोरोना के मुख्य लक्षण
एक सप्ताह तक लगातार तेज बुखार रहना।
खांसी और जुकाम रहना
सांस लेने में परेशानी होना
---- सावधानी एवं बचाव
खांसी, जुकाम होने पर मुंह कपड़े से ढक कर रखे।
जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले।
साबुन या सैनिटाइजर से हाथ धोएं।
मुंह और आंखों को अपने हाथों से बार-बार छूने से बचें।
भीड़ में जाने से परहेज रखें।
एक दूसरे से हाथ न मिलाएं।
जुकाम, खांसी, बुखार होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लें।
शामली में मास्क लगा कर कोचिंग जाते छात्र- फोटो : SHAMLI
शामली मास्क लगा कर छोटी बच्ची के साथ खरिदारी करती महिला- फोटो : SHAMLI
शामली में मास्क लगा कर डयूटी देती महिला पुलिसकर्मी- फोटो : SHAMLI