जलालाबाद। एसडीएम सदर संदीप सिंह ने कस्बे के पशुचरान मैदान की पैमाइश कराई और पुलिस ने मैदान को खाली करने के लिए किसानों को चेतावनी दी। कस्बे के नागल मार्ग निकट पशुचरान (गोशाला) मैदान में सरकारी व निजी गोशाला संचालित की जा रही। प्रशासन का मकसद पशुचरान मैदान का क्षेत्र के पशुओं, गोवंश के चराने की व्यवस्था करना है।
मैदान में क्षेत्र के युवाओं ने पुलिस व सेना में भर्ती की तैयारी करने के लिए 400 मीटर का दौड़ने के लिए ट्रैक बनाया है। सुबह व शाम युवा यहां दूर-दूर से तैयारी करने आते हैं। मैदान में क्षेत्र के किसानों ने लहसुन सुखाने के लिए मैदान पर फैला दिया है। शनिवार को कस्बे के युवाओं ने प्रदेश के गन्ना कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा से मिलकर मैदान को खाली कराने की मांग थी। मंत्री के निर्देश पर एसडीम सदर संदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर खाली मैदान की पैमाइश के बाद थाना प्रभारी सचिन पूनिया को मैदान खाली कराने के आदेश दिए। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस चौकी प्रभारी सचिन कुमार पूनिया पुलिसकर्मियों के साथ मैदान में पहुंचे और किसानों को मैदान तुरंत खाली करने की चेतावनी दी। बाद में किसान भगवानदास, दर्शन रावड़ा, धीरज,पप्पू नायक, फारुख, नसीम, सचिन सैनी, अजय सैनी, साबिर रविवार को थानाभवन में कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा के आवास पर पहुंचे लेकिन यहां उनसे मुलाकात नहीं हो पाई।