लाखों रुपये की शराब, रेक्टीफाइड पकड़ी
झिंझाना। पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही शराब और रेक्टीफाइड, यूरिया, सर्फ से भरी दो अलग अलग गाड़ी सहित तीन आरोपियों को पकड लिया। शराब हरियाणा से मुरादाबाद व अंबेहटा ले जाई जा रही थी।
शनिवार को पुलिस हरियाणा बार्डर पर स्थित बिडौली चेक पोस्ट पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने हरियाणा की ओर से आ रही कार को रुकने का इशारा किया तो चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को कब्जे में लेकर दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में कार से43 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कार्यवाहक थाना प्रभारी रूप किशोर शर्मा ने बताया हरियाणा से कार से लाई गई 43 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी है। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम जगदीश और कर्ण, निवासी उत्तम नगर करनाल हरियाणा बताया है। आरोपियों ने बताया शराब से भरी गाड़ी करनाल में एक युवक ने गजरौला पहुंचाने के लिए कहा था। इस काम के पांच हजार रुपये दिए थे।
इसके अलावा बिडोली चेकपोस्ट पर ही चेकिंग के दौरान हरियाणा की ओर से आ रही कार से चार केन में भरा 180 लीटर रेक्टीफाइड एवं पांच पेटी शराब, यूरिया, सर्फ के साथ एक आरोपी प्रभात निवासी चौसाना झिंझाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रभात ने बताया करनाल से यह कार अंबेहटा पहुंचानी थी। इसके लिए तीन हजार रुपये मिले थे। कार्यवाहक थाना प्रभारी रूप किशोर शर्मा ने बताया पकड़े गए आरोपी पर कार्रवाई की गई है।