शामली शूटर अक्षय कुमार का स्वागत करते डीएम व सीएमओ
- फोटो : SHAMLI
शामली। शामली राइफल क्लब के प्रशिक्षु अक्षय कुमार का तीसरे खेलो इंडिया प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में चयन हुआ है। खेलो इंडिया में चयन होने पर गौरव को डीएम, एसपी, सीएमओ समेत आला अफसरों ने बधाई दी है। जिले के टिटौली निवासी अक्षय कुमार 11 जनवरी से 18 जनवरी तक गुवाहाटी (असम) में आयोजित होने जा रहे तीसरे खेलो इंडिया प्रतियोगिता में खेेलने जाएगा। अक्षय हाल ही में 63 वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में तीन मेडल जीतकर लौटे हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल में 11 दिसंबर से चार जनवरी तक आयोजित 63 वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में शामली राइफल क्लब के प्रशिक्षु अक्षय कुमार ने तीन मेडल जीतकर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन किया। ग्राम टिटौली निवासी अक्षय कुमार ने एयर पिस्टल जूनियर वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक एवं एयर पिस्टल सीनियर टीम वर्ग में कांस्य पदक और .22 पिस्टल टीम वर्ग में भी कांस्य पदक प्राप्त किया। शामली राइफल क्लब के अन्य प्रशिक्षुओं अमन चौधरी, संजय यादव, शिवम राणा, प्रशांत कुमार, पारस पंवार ने एयर पिस्टल वर्ग तथा आस्था चौधरी ने एयर राइफल वर्ग में विशेष प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के सलेक्शन ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया। सागर खाटियान, संजीव कुमार, विशाल चौधरी, कार्तिक बालियान, लक्ष्य चौधरी, अर्जुन देशवाल, मुकुल चौधरी, दीपांशु चौधरी, हिमांशु खैवाल, अश्वनी कुमार ने भी उत्तर प्रदेेश का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।
शामली रायफल क्लब के कोच मुकेश चौधरी ने बताया कि 11 जनवरी से 18 जनवरी तक गुवाहाटी (असम) में आयोजित होने जा रहे तीसरे खेलो इंडिया प्रतियोगिता के लिए भी अक्षय कुमार का उत्तर प्रदेश की टीम में चयन हुआ। इस मौके पर डीएम अखिलेश कुमार सिंह, एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ डॉक्टर संजय भटनागर आदि ने शामली रायफल क्लब के निशाने बाजों को बधाई दी।