कांधला क्षेत्र के गांव मलकपुर में सदमे में बिलाल का परिवार । संवाद
कांधला। हनी ट्रैप का शिकार होकर एक सप्ताह पूर्व आत्महत्या कर चुके युवक बिलाल के परिजनों को फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।
क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी बिलाल कुछ समय पूर्व व्हाट्सएप कॉल और फोन कॉल के माध्यम से हनी ट्रैप का शिकार हो गया था। आरोप है कि उसे ब्लैकमेल कर करीब तीन लाख रुपये वसूले गए। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर बिलाल ने 14 अप्रैल को गांव नानूपुरी के जंगलों में जाकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
इस मामले में 16 अप्रैल को थाना कांधला में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों द्वारा मृतक के मोबाइल पर लगातार मेसेज और कॉल कर परिवार को परेशान किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि आरोपी अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौजकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे गैंग के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।