शामली। कस्बा कांधला के हार्डवेयर व्यापारी आबिद सैफी से 50 लाख रुपये और फाॅरर्च्यूनर की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को मोबाइल फोन की लोकेशन मेरठ के बाद अब कोलकाता में मिली है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम कोलकाता भेजी गई है। पुलिस जल्द ही इस केस का खुलासा कर सकती है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला मिर्दगान निवासी हार्डवेयर व्यापारी आबिद सैफी से छह जनवरी की शाम को फोन पर बदमाश ने 50 लाख रुपये व काले रंग की फाॅरर्च्यूनर की मांग की थी। धमकी भरी कॉल आने के बाद से व्यापारी व उसका परिवार दहशत में है। व्यापारी से रंगदारी मांगने का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। व्यापारी की तरफ से कांधला थाने पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि जांच में सामने आया था कि व्यापारी को रंगदारी की कॉल मेरठ से की गई थी। पुलिस टीम कई दिन से मेरठ में डेरा डाले रही। अब पुलिस को फोन की लोकेशन कोलकाता में मिली है। इसके बाद पुलिस टीम कोलकाता गई हुई है। एसपी ने बताया कि इस केस के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया जाएगा।