शामली। सिनेमा जगत के सुप्रसिद्ध अभिनेता दिलीप कुमार 41 साल पहले शामली के आर इंटर कालेज में आयोजित तीन दिवसीय दंगल में आए थे। जहां उन्होंने विजेता पहलवानों को पुरस्कार बांटे थे।
हरियाणा-पंजाब और हिमाचल के पूर्व राज्यपाल वीरेंद्र वर्मा करनाल रोड स्थित राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज में हर साल राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय दंगल आयोजित कराते थे। पूर्व राज्यपाल दंगल का खुद संचालन करते थे। इसके लिए वेस्ट यूपी के शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, सहारनपुर आदि जिलों सैकड़ों लोग प्रतिदिन आते थे। शामली के दंगल में मास्टर चंदगीराम, भारत केेसरी सतपाल समेत दूसरे प्रांतों के विश्वविख्यात पहलवान शिष्य को लेकर शामली आते थे।
सुबह के समय वीरेंद्र वर्मा के आवास पर पहलवानों का कुश्ती के लिए चयन होता था। दोपहर एक बजे से लेकर शाम पांच बजे तक दंगल में कुश्तियां होती थीं। वर्ष 1980 के दशक में शामली के राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज में आयोजित तीन दिवसीय दंगल के अंतिम दिन बतौर मुख्य अतिथि के रुप में अभिनेता दिलीप कुमार आए थे। विजेता पहलवानों को उन्होंने पुुुरस्कार वितरित किए थे। पूर्व राज्यपाल के पुत्र डॉ. सतेंद्र वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज के दंगल में फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के शामली आने की जानकारी है। अन्य कोई जानकारी उन्हें याद नहीं आ रही है।