थानाभवन। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में नगर में शौचालय नहीं बनवाले वालों, सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने और बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के प्रस्ताव पारित हुए।
साथ ही साथ पथ विक्रय समिति के गठन के प्रस्ताव पारित करते हुए चेयरमैन ने सभी सभासदों, अधिशासी अधिकारी, कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत सभागार में चेयरमैन संजय शर्मा, अधिशासी अधिकारी रवि यादव के संचालन में नगर पंचायत बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने पर अंतिम बैठक हुई। बैठक में चेयरमैन संजय शर्मा ने कहा कि बोर्ड के सहयोग के बल पर ही बिना भेदभाव के नगर में 17 बारात घर, पंचायत घरों का निर्माण कराया गया है।
पथ प्रकाश व सड़कों का संपूर्ण नगर में जाल बिछवाया गया है। उन्होंने सभासदों, नागरिकों, कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। अधिशासी अधिकारी रवि यादव ने कहा कि पूरे नगर को खुले में शौच मुक्त कराना उनका लक्ष्य है। हालांकि जो कार्य 20 दिनों में होना था वह दो वर्ष में पूरा नही हुआ। उन्होंने कहा 470 परिवारों को 4000 रुपये प्रत्येक परिवार को दिया गया है। जिन लोगों ने इस पैसे से शौचालय नही बनवाएं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिन लोगों ने नगर पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जे कर रखे है या फिर बेच दी गई है। दोनों पर ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर में डोर टू डोर जाकर शौचालयों की जानकारी ली जाएगी। पथ विक्रय समिति का गठन किया जाएगा। अंत में अधिशासी अधिकारी ने पालिका सदस्यों को पौधरोपण करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान समस्त स्टाफ मौजूद रहा।