शामली। पुलिस लाइन में डीआईजी रेंज ने निकाय चुनाव की तैयारियों की महकमे के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ समीक्षा की। डीआईजी केएस इमेन्युअल ने निकाय चुनाव को हर हाल में शांतिपूर्वक कराने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को डीआईजी केएस इमेन्युअल ने रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अफसरों की बैठक ली। उन्होंने इस बारे में जानकारी ली किजिले में कितने प्रतिशत लाइसेंस जमा हुए है। उन्होंने जिले के सभी थानों में पुलिस द्वारा की गई गुंडा एक्ट और गुंडों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा जिले में संवेदनशील बूथों और अतिसंवदेनशील बूथों पर कड़ाई से नजर रखने की बात कही। उन्होंने शामली पुलिस से गत चुनाव में अशांति का कारण बने लोगों की सूची बनाकर उन पर नजर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है तथा जो जिलाबदर किए हुए हैं, उनको भी तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इसके अलावा चुनाव के मद्देनजर कहां कितनी फोर्स लगानी है, इसकी भी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव को संपन्न कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एएसपी जगदीश शर्मा, सीओ शामली, सीओ कैराना और थानाभवन और शहर कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम, कैराना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पंवार, एसओ झिंझाना भगवत सिंह, एसओ गढ़ीपुख्ता ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।