आरोपी की मां बोली, हमें भी मार दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। अंतरराष्ट्रीय भजन गायक, उनकी पत्नी, बेटी व बेटे की धारदार हथियार से काटकर हत्या करने के आरोपी की मां ने कहा कि अगर उसके बेटे ने ऐसा काम किया है तो बहुत गलत किया। इस तरह का बुरा काम करके उसने उन्हें भी मार दिया। हत्यारोपी हिमांशु की ससुराल गंगोह क्षेत्र के मारकपुर में है।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र की पंजाबी कालोनी में भजन गायक अजय पाठक उनकी पत्नी, बेटी और बेटे भागवत की निर्मम हत्या के आरोप में कैैैराना क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी निवासी हिमांशु सैनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे झाडखेड़ी में हत्यारोपी हिमांशु सैनी की मां जगवती घर के बाहर खड़ी थी। जगवती से उसके बेटे हिमांशु के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे घर से गया था। जबकि पास ही खड़ी हिमांशु के ताऊ की लड़की वैशाली ने कहा कि हिमांशु परसों (सोमवार) की शाम करीब 7 बजे घर से गया था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। जगवती ने बताया कि उसके पति मुकेश की आठ साल पूर्व हादसे में मौत हो गई थी। हिमांशु सबसे बड़ा बेटा है। एक छोटा बेटा शैंकी है, जो कोचिंग कर रहा है। बहन पूजा की गंगोह क्षेत्र में शादी हो चुकी है। हिमांशु 12वीं तक पढ़ा है। करीब छह साल से वह भजन गायन का कार्य करता था। जब जगवती से हिमांशु द्वारा किए गए हत्याकांड के बारे में पूछा तो उसका कहना था कि अगर उसके बेटे ने यह कार्य किया है, तो गलत किया है। उसने यह बुरा काम करके हमें भी मार दिया।
अजय पाठक को गांव में भी बुलाया था
कैराना। हत्यारोपी हिमांशु सैनी के पारिवारिक बाबा मेहर सिंह ने बताया कि अजय पाठक और हिमांशु के बीच परिवार की तरह रिश्ता था। दोनों की घर जैसी बात थी। श्राद्ध के महीने में हिमांशु ने अपने पिता मुकेश के श्राद्ध पर गांव में जागरण कराया था, जिसमें अजय पाठक व उसका परिवार भी आया था। हिमांशु ने अजय पाठक को पगड़ी पहनाई थी। हिमांशु उनका पूरा सम्मान करता था।
बैंक लोन की 4.90 लाख की जारी हुई थी आरसी
कैराना। आरोपी हिमांशु ने 29 मार्च 2017 को कैराना के पंजाब नेशनल बैंक शाखा से मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना के तहत 4 लाख का लोन लिया था। लोन के बारे में जानकारी लेने बैंक पहुंचे कैराना कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा को बैंक के फील्ड ऑफिसर जावेद ने बताया कि हिमांशु सैनी ने लोन लिया था, लेकिन किस्त समय पर जमा नहीं करने के कारण ब्याज लगने से लोन की रकम बढ़कर 4.90 लाख हो गई थी। लोन खाता एनपीए होने के कारण 13 फरवरी 2019 को आरसी जारी कर दी गई थी। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बैंक से लोन संबंधी कागज कब्जे में ले लिए।
आरोपी की तीन साल पूर्व हुई थी शादी
कैराना। वीभत्स हत्याकांड को अंजाम देने वाले हिमांशु सैनी की तीन साल पूर्व गंगोह क्षेत्र के गांव मारकपुर निवासी वर्षा से शादी हुई थी। हिमांशु के एक वर्ष का बेटा आयुष है। एक मकान के अंदर ही हिमांशु का परिवार तथा उसके ताऊ ऋषिपाल व राकेश का परिवार रहता है। जबकि दो ताऊ कंवरपाल व नरेश अलग मकानों में रहते है। हिमांशु के परिवार के पास करीब तीन बीघा कृषि जमीन है। उधर, गांव में जब हिमांशु द्वारा भजन गायक के परिवार की हत्या के बारे में पता चला तो ग्रामीण चर्चा कर रहे थे कि हिमांशु तो गांव में भी किसी से झगड़ा नहीं करता था फिर ऐसा काम क्यों किया।
शामली की पंजाबी कालोनी में मृतक अजय पाठक के आवास पर घटना की जानकारी लेने पहुंचे सांसद प्रदीप चौधर- फोटो : SHAMLI