कांधला (शामली)। कस्बा निवासी विधवा महिला ने एक युवक पर निकाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने और रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को कस्बा निवासी एक विधवा महिला ने बताया कि वह दिव्यांग है, उसके पति की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। लगभग दो वर्ष पूर्व बागपत जनपद के रमाला थाना क्षेत्र के गांव कासिमपुर निवासी एक युवक उसके संपर्क में आया। युवक ने उसकी देखभाल करने और निकाह करने का आश्वासन देकर उसका विश्वास जीत लिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने निकाह का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, उससे रुपये भी लेता रहा। जब पीड़िता ने उस पर निकाह करने का दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया। पीड़िता ने थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।