थानाभवन एल्पाईन कॉलेज के सामने प्रदर्शन करते छात्र
- फोटो : SHAMLI
थानाभवन। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के सी सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर धोखाधड़ी कर फीस वसूलने का आरोप लगाया और कॉलेज में हंगामा करते हुए फीस वापस करने की मांग की। उन्होंने शामली में एसडीएम से मामले की शिकायत भी की।
दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे मार्ग पर स्थित एल्पाइन कॉलेज ऑफ एजुकेशन में कई छात्रों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि एनसीसी के सी सर्टिफिकेट के नाम पर फीस वसूली कर उन्हें बीए प्रथम वर्ष में दाखिला दिया गया। आरोप है कि बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लेते समय उन्हें बताया गया था कि कॉलेज से एनसीसी का सी सर्टिफिकेट उन्हें दिया जाएगा। इस नाम पर उनसे 500 रुपये की एनसीसी रजिस्ट्रेशन फीस व बीए प्रथम वर्ष के नाम पर 7500 रुपये उनसे जमा करा लिए। उन्हें एनसीसी की ट्रेनिंग भी दी गई, लेकिन जब उन्हें जानकारी मिली की कॉलेज में एनसीसी की सी सर्टिफिकेट की मान्यता ही नहीं है। तब उन्हें अपने साथ हुए धोखाधड़ी का पता चला। छात्रों ने कॉलेज में हंगामा करते हुए प्रधानाचार्य से शिकायत की तथा जमा किए गए रुपये वापस करने की मांग की। कॉलेज स्टाफ से उचित जवाब नहीं मिलने छात्रों ने शामली एसडीएम संदीप कुमार को लिखित में शिकायत पत्र देकर न्याय दिलाने की मांग की है। छात्रों ने घंटों तक कॉलेज के बाहर व अंदर हंगामा किया। वहीं एल्पाइन कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रधानाचार्य सुनील त्यागी का कहना है कि कॉलेज में एनसीसी की भर्ती करने का अधिकार एनसीसी अधिकारियों का है। हम केवल यूनिवर्सिटी द्वारा दी गई मार्कशीट बच्चों को उपलब्ध कराते हैं।