शामली। कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 13 केंद्रों पर चकबंदी लेखपाल परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा में 13 सहायक पर्यवेक्षक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। सरस्वती विद्या इंटर कालेज में बनाए गए केंद्र पर जिले का कोड गलत भर दिया गया। मौके पर मौजूद परीक्षकों ने अभ्यर्थियों का कोड ठीक कराया।
रविवार सुबह चकबंदी लेखपाल की परीक्षा नगर के बनत में सेंट आरसी हायर एजुकेशन, हिंदू कन्या इंटर कालेज, सिल्वर बेल्स हायर एजुकेशन स्कूल, सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल, आरके पीजी कालेज, श्री सत्यनारायण इंटर कालेज, मदरलैंड पब्लिक स्कूल, महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल, वीवी इंटर कालेज, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, बीएसएम पब्लिक स्कूल, रायल पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई।
इसमें आठ हजार 792 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी दस बजे पहुंचने शुरू हो गए। परीक्षार्थी की लाइन लगाकर तलाशी के बाद केंद्र पर भेजा जा रहा था। सरस्वती विद्या इंटर कालेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर जिले का कोड गलत भर दिया गया। मौके पर मौजूद परीक्षकों ने ज्यादातर अभ्यर्थियों का कोड ठीक कराया।
सीओ सिटी निशंाक शर्मा ने बताया नगर के 13 केंद्रों पर चकबंदी लेखपाल की परीक्षा के कडे़ सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। एडीएम भरत पांडे ने बताया कि चकबंदी लेखपाल परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सपन्न हुई है।