शामली में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट गेट पर धरना-प्रदर्शन किया और डीएम को मौके पर बुलाने पर अड़ गईं। जिसके बाद डीएम को आंगनबाड़ियों के बीच पहुंचना पड़ा और उनका ज्ञापन लिया।
पिछले करीब एक माह से आंगनबाड़ी और सहायिकाएं अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। बृहस्पतिवार को जिले की सभी आंगनबाड़ी कलक्ट्रेट पहुंची और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे को देखते हुए अधिकारियों ने कलक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद करा दिया। जिसके बाद गुस्साई आंगनबाड़ी वहीं धरने पर बैठ गईं और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर आदर्श मंडी और शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आंगनबाड़ी डीएम को बाहर बुुलाने पर अड़ गई।
इस दौरान आंगनबाड़ियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। बाद में डीएम सुजीत कुमार, एसडीएम एमपी सिंह ऑफिस से उठकर आंगनबाड़ियों के बीच पहुंचे और उनका ज्ञापन लिया। इस दौरान डीएम ने कहा कि स्थानीय स्तर पर जो समस्याएं हैं उनका निस्तारण आने वाले 10 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा और जिन समस्याओं का निस्तारण राज्य स्तर पर होना है, उनके संबंध में शासन से बात की जाएगी। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शांत हुईं।