गढ़ीपुख्ता। बढ़ती बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों, स्मार्ट मीटर की शिकायतों और विद्युत व्यवस्था की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गढ़ीपुख्ता बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जेई को सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
जिलाध्यक्ष सोराम सिंह का आरोप है कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश की जनता गंभीर बिजली संकट का सामना कर रही है, जबकि सरकार व्यवस्था सुधारने के दावे कर रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
आम आदमी पार्टी ने बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए इसे प्रदेश की विफल विद्युत व्यवस्था का दुखद परिणाम बताया। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। पार्टी का आरोप है कि प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है तथा फर्जी बिलिंग और गलत रीडिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ज्ञापन देने वालों में संजीव कुमार, सत्यप्रकाश, बालिंदर चौधरी, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र पहलवान, बिजेंद्र कुमार , अनमोल, अमजद आदि शामिल रहे।