शामली। हाथों में डंडे लेकर बस में घुसे युवकों का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बाइक सवार 12 से अधिक युवक डंडे के बल पर प्राइवेट बस को रुकवाकर उसमें घुसते और फिर नीचे उतरकर बाइक पर बैठकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल 58 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ युवक हाथ में डंडे लिए हुए आते हैं और धीमी गति में चल रही बस को डंडे मारकर रुकवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बस रुकते ही डंडे लेकर कुछ युवक बस में घुस जाते हैं और कुछ ही देर बाद युवक बस से उतरकर बाइकों पर बैठकर जाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लग रहा है कि युवकों को बस में किसी अन्य युवक की तलाश थी, जिसके न मिलने पर युवक चले गए। यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो इसकी जांच शुरू कर दी गई है। यह वीडियो छात्र गुटों के बीच का विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस की जांच में आया है कि वीडियो शामली के सिसौली अड्डे के निकट की एक दिन पुरानी है। पुलिस के मुताबिक शहर में कहीं पर छात्र गुटों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें गांव कुड़ाना के छात्रों ने दूसरे गांव के युवक की पिटाई कर दी थी। इसके बाद उस गांव के छात्र सिसौली अड्डे पर पहुंचे थे। उनका मानना था कि कुड़ाना के युवक सिसौली की तरफ जाने वाली बस में बैठकर जाएंगे, लेकिन उन्हें उस गांव का कोई युवक बस में नहीं मिला। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह का कहना है कि वीडियो में हाथ में डंडे लिए हुए कई युवकों की पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।