मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एक महिला (45) ने ट्रेन के आगे लेट कर आत्महत्या कर ली। काफी प्रयासों के बाद भी उसकी पहचान नही हो सकी है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है।
योगा एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार सुबह योगनगरी ऋषिकेश जा रही थी। ट्रेन को वाया मुजफ्फरनगर होकर जाना था। यह ट्रेन जब शहर में रेशू विहार फाटक व संधावली अंडरपास के बीच पहुंची तभी एक महिला रेलवे लाइनों पर ट्रेन के आगे लेट गई और उसकी मौत हो गई। ट्रेन चालक हरिद्वार निवासी मुन्ना कुमार ने रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर रेलवे अधिकारियों को घटना के बारे में बताया।
सिविल लाइन थाना व नई मंडी कोतवाली पुलिस घटना के बाद मौके पर पहुंची। घटना स्थल सिविल लाइन थाना क्षेत्र का था। पुलिस ने महिला की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नही मिली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बताया कि ट्रेन चालक ने जानकारी दी है कि महिला ट्रेन के आने के दौरान कुछ दूरी पर रेलवे लाइनों पर लेट गई थी। तब उसकी मौत हो गई थी। पहचान कराने के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया है।