भाजपा और शर्मा गुट में कड़ी टक्कर
शामली: संगठन और मजबूत प्रबंधन के दम पर भाजपा ने शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में शर्मा गुट को कड़ी टक्कर दी है। उधर, स्नातक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भी मुकाबले में दिखा। मतगणना तीन दिसंबर को मेरठ में होगी।
मंगलवार को मेरठ खंड के स्नातक और शिक्षक एमएलसी पदों के लिए मतदान हुआ है। सत्ताधारी भाजपा इस बार दोनों चुनावों को लेकर बेहद गंभीर रही है। संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही मंत्री, विधायक एवं भाजपा कार्यकर्ता काफी दिनों से चुनाव की तैयारियों में जुटे थे। मतदाताओं को बूथों तक लाने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे रहे। इसके साथ ही मतदान केंद्र के पास बस्ते पर भी पर्चियां बनाने और मतदाताओं की सुविधा के लिए कंप्यूटर सिस्टम तक लगाए गए थे। स्नातक चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार जितेंद्र कुमार गौड़ भी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं।
सूची में नाम न होने से विधायक नहीं डाल पाए वोट
शामली। स्नातक चुनाव की मतदाता सूची में बहुत से आवेदकों के नाम शामिल नहीं हो सके। स्नातक के लिए आवेदन करने के बावजूद सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका। वह अपना वोट नहीं डाल पाए। इसी तरह अन्य कई लोग स्नातक चुनाव की मतदाता सूची में नाम न होने से निराश लौटे।