शामली। अगले माह से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में प्रशासन जुट गया है। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी, वायस रिकार्डर और राउटर लगाए जाने का दावा किया गया है। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक लेकर नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जनपद में इस बार हाईस्कूल में 136825 परीक्षार्थी हाईस्कूल में और 11704 परीक्षार्थी इंटर की परीक्षा देंगे। इस तरह से जनपद में इस बार कुल 25529 परीक्षार्थी पंजीकृत है। बोर्ड परीक्षा अगले महीने 18 फरवरी से शुरू होकर छह मार्च तक चलेगी। बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियों में जुट गया है। शुक्रवार को वीवी इंटर कालेज शामली के सभागार में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में जनपद के सभी 34 केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी तैैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी और सभी कमरों में कैमरों के साथ वायस रिकार्डर भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही हर केंद्र पर नेट डिवाइस राउटर लगाया जाएगा। राउटर का संबंध कंट्रोल रूम से रहेगा, जिससे कंट्रोल रूम से ही अधिकारी किसी भी केंद्र की स्थिति देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों ने अपने-अपने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकार्डर और राउटर लगाए जाने के प्रमाण पत्र जमा कर दिए है।