शामली। गढ़ीपुख्ता थाने पर महिला ने अपनी भूमि पर लगाए गए पिलरों को उखाड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कांधला क्षेत्र के गांव ताहरपुर भभीसा निवासी पूजा ने गढ़ीपुख्ता थाने पर दी तहरीर में बताया कि गढ़ीपुख्ता के गांव मानकपुर स्थित उसकी भूमि के संबंध में एक बेदखली का वाद एसडीएम ऊन के न्यायालय में चल रहा था, न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला देते हुए विपक्षी मांगेराम को बेदखल करने के आदेश पारित किए थे। विपक्षियों ने अपर आयुक्त सहारनपुर मंडल के न्यायालय में वाद दायर कर दिया था लेकिन न्यायालय ने विपक्षियों की अपील खारिज कर दी।
एसडीएम ऊन व अपर आयुक्त सहारनपुर मंडल के निर्देश के बाद नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ भूमि की पैमाइश कर उसे कब्जा दिलाया था। पूजा का कहना है कि पैमाइश के बाद उसने पक्के पिलर लगाए थे। आरोप है कि बुधवार को मांगेराम, उनके पुत्र कृष्णपाल, विकास व उनकी पत्नी द्वारा पिलर को उखाड़ दिया और विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।