कैराना में हनुमान जी के जन्मोत्सव पर शोभा यात्रा में झूमते कलाकार।
- फोटो : SHAMLI
कैराना। श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर से नगर में बालाजी महाराज की विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें सुंदर झांकियों के अलावा ढोल व बैंड बाजों की भक्ति भरी धुनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। जगह-जगह प्रसाद वितरण करके शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में झांकियों के साथ ही वाल्मीकि शक्ति अखाड़ा शाहपुर के युवाओं ने तलवार बाजी में अपने जौहर दिखाए। फूलों से सजे रथ पर भगवान बालाजी विराजमान थे। इससे आगे युवा गुलाल उड़ा कर भगवा ध्वज लहराते हुए डीजे की धुन पर जमकर नाच रहे थे। साथ ही युवा हाथों में झाडू़ लेकर बालाजी के रथ के आगे साफ सफाई करते चल रहे थे। शोभा यात्रा में मोदी-मोदी, योगी-योगी के जमकर नारे लगे। शोभा यात्रा बनखंडी महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर वापस बनखंडी महादेव मंदिर में जाकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह जलजीरा, खीर, रायता, कढ़ी चावल, हलवा, शरबत आदि का प्रसाद वितरित किया।
छतों पर तैनात रहे पुलिस के जवान
बालाजी की शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुलिस के जवान छतों से निगरानी कर रहे थे। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, एसडीएम संदीप कुमार, सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना, कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान के अलावा कई थानों की पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।