हिमाचल में डॉक्टर के परिवार के फंसे होने पर कैराना में चिंता में बैठी उनकी बहन डॉक्टर बेबी उनके
- पांच दिन पहले मणिमहेश मंदिर में दर्शन करने पत्नी व बेटे के साथ गए चिकित्सक
कैराना। हिमाचल में भूस्खलन और बादल फटने से कैराना निवासी चिकित्सक, अपनी पत्नी और पुत्र के साथ पांच दिन से फंसे हुए हैं। चार दिन से परिवार से संपर्क न होने पर बहन भी चिंतित हैं।
नगर की टीचर कॉलोनी निवासी निजी चिकित्सक बेबी ने बताया कि उनके भाई डॉ. श्रवण और उनकी पत्नी दीपाली गर्ग और उनका बेटा आरव 23 अगस्त को हिमाचल के जनपद चंबा में मणिमहेश मंदिर में दर्शन करने के लिए गए थे। दीपाली गर्ग शामली के हिंदू कन्या इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। बेबी के मुताबिक 24 अगस्त दोपहर 12 बजे डॉ. श्रवण का उनके पास फोन आया था। उन्होंने बताया था कि वहां पर बहुत अधिक बारिश और भूस्खलन हो रहा है। अभी वे होटल में सुरक्षित हैं। इसके बाद से कोई संपर्क उनसे नहीं हो पाया है। सभी के मोबाइल फोन नेटवर्क से बाहर आ रहे हैं। उसे टीवी पर हिमाचल में बादल फटने और हो रहे भूस्खलन की सूचना मिली। पिछले चार दिन से उनका अपने भाई व साथ गए परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा है और न ही उनके बारे में कोई जानकारी मिल रही हैं। वे भगवान से प्रार्थना करतीं हैं कि जल्द ही उनके भाई परिवार सहित सकुशल लौट आएं।