शामली। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी के चलते जिले की 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के सामने कामकाज ठप होने का संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या को लेकर सोमवार को उद्यमियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान से मुलाकात कर समाधान की मांग करेगा।
उद्यमियों का कहना है कि व्यावसायिक सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे फैक्ट्रियों का संचालन प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द ही गैस सिलिंडरों की व्यवस्था नहीं हुई तो कई औद्योगिक इकाइयों को बंद करने की नौबत आ सकती है।
साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल, उद्यमी अशोक बंसल और आशीष जैन ने बताया कि इस संबंध में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उनका कहना है कि अधिकांश फैक्ट्रियों के पास केवल चार से पांच दिन का ही स्टॉक बचा है। यदि इस दौरान सिलिंडर उपलब्ध नहीं हुए तो उत्पादन बंद करना पड़ सकता है।
उद्यमियों ने बताया सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर व्यावसायिक सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की जाएगी, ताकि औद्योगिक इकाइयों का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सके।
वहीं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान का कहना है कि इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी और गैस एजेंसी संचालकों से बातचीत कर उद्यमियों की समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।