अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा प्रयागराज के बाद सिर्फ थानाभवन के क्षेत्र का गंदेवड़ा ऐसा स्थान है जहां गंगा-यमुना का संगम होता है। हमारा सौभाग्य है कि यह पावन संगम हमारे क्षेत्र में ही है। इस क्षेत्र को विकसित करने को सीएम ने अनुमति दे दी हे। अब डीपीआर बनाने की तैयारी है। शीघ्र ही संगम पर दोनों नदियों के घाट एवं महिलाओं के लिए एक बड़ा घाट तैयार किया जाएगा। इससे क्षेत्र धार्मिक रूप से पर्यटन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ेगा।
मंगलवार को होली मदर ऐकेडमी के वार्षिकोत्सव में गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने यह जानकारी दी। गंदेवड़ा से 20 करोड़ रुपये की लागत से शामली तक 20 किमी लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। साथ ही थानाभवन से गढ़ीपुख्ता तक दस किमी की सड़क दस करोड़ रुपये में तैयार की जाएगी। बताया कि इन दोनों सड़कों के निर्माण का शीघ्र शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने थानाभवन क्षेत्र में चार राजकीय इंटर कॉलेज स्वीकृत कराएं हैं। अब थानाभवन में एक डिग्री कॉलेज की कमी है। इसके लिए वह निरंतर प्रयास कर रहे है। उम्मीद है कि शीघ्र कस्बे में एक डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। इससे कस्बे व आसपास की बेटियों को पढ़ाई करने के लिए दूरदराज नहीं जाना पड़ेगा। सेना की कार्रवाई पर कहा कि जिस दिन हमारे जवान शहीद हुए, पूरा देश शोक में डूब गया, लेकिन आज सेना ने जवाब देकर देश का मान दुनिया में बढ़ाया है। इसका पूरा श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।