अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को जड़ के खात्मे के लिए पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कोतवाल ने ग्राम प्रधानों तथा व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
शनिवार दोपहर कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार नागर ने ऑपरेशन क्रेक डाउन के मद्देनजर बैठक का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे की जड़े गहरी जमी हुई हैं। नशे की लत में नई पीढ़ियां बर्बाद हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे की लत इतनी बुरी होती है जब नशा नहीं मिलता, तो फिर आपराधिक वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया जाता है। अपराधी बन जाते हैं। नशे का कारोबार करने वाले आरोपियों की धरपकड़ में क्षेत्रवासियों को पुलिस का सहयोग करना होगा। कोतवाल ने कहा कि नशे के कारोबार में यदि महिला भी लिप्त मिलती हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान कोतवाल ने समस्या एवं सुझाव भी मांगें। बैठक में एसएसआई भानु प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान व व्यापारी मौजूद रहे।