ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की
थानाभवन। इंटर कॉलेज निर्माण में पिल्ली ईंटों के लगाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र कार्रवाई की मांग की है। डीएम के निर्देश के बाद मौके पर पहुंचे अवर अभियंता ने पिल्ली ईटों को हटवा कर उच्च अधिकारियों को जांच भेजने की बात कही है।
प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर में एमएसडीपी योजना के अंतर्गत तीन करोड़ 48 रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज का हाल ही में शिलान्यास किया था। रविवार के दिन कुछ ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण में लगाई जा रही पिल्ली ईंटों व घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत फोन करके डीएम को को कर दी। डीएम के निर्देश के बाद अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग विकासखंड थानाभवन प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य में लगाई जा रही पिल्ली ईटों को हटवाया। शिकायतकर्ता शक्ति सिंह ने बताया कि गन्ना मंत्री के द्वारा गांव में राजकीय इंटर कॉलेज बनवाया जा रहा है, जिसमें रात के समय मानकों के विपरीत काम किया जा रहा है। अवर अभियंता प्रमोद कुमार डिंगल ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य में पिल्ली ईट लगाई जा रही थी, जिसको हटवा दिया गया है और पूरे मामले की जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी जाएगी। प्रदर्शनकारियों में शक्ति सिंह उर्फ होंडा ठाकुर समाज सेवी ,मनोज, विशाल, सुंदर, राहुल, सोनू आदि शामिल रहे।