सट्टा प्रदर्शन किसान मेला: दूसरे दिन 378 का शिकायतों का निस्तारण
शामली। सहकारी गन्ना विकास समिति के परिसर में आयोजित छह दिवसीय समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन किसान मेले में दूसरे दिन 378 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
मंगलवार को सहकारी गन्ना विकास समिति शामली के परिसर में आयोजित सट्टा प्रदर्शन किसान मेले में दूसरे दिन किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह एवं सहकारी गन्ना विकास समिति सचिव प्रभारी मुकेश कुमार राठी, गन्ना पर्यवेक्षकों के समक्ष शिकायतों के निस्तारण करने के लिए किसानों की भीड़ बढ़ने शुरू हो गई। पूरे दिन किसानों ने भारी संख्या में उपस्थित रहकर अपनी समस्याओं आपत्तियों का समाधान कराया गया। इस मौके पर गन्ना समिति सचिव प्रभारी मुकेश राठी ने बताया की नए सदस्य एवं उपज बढ़ोतरी का कार्य 30 सितंबर तक किया जाएगा। अतिरिक्त सट्टा पेनाल्टी का कार्य 15 अक्तूबर तक पूर्ण रूप से समाप्त कर दिया जाएगा। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि किसानों के हित को देखते हुए इस बार सट्टा प्रदर्शन मेले की अवधि बढ़ाई गई हैं, ताकि परिक्षेत्र के संबंधित किसानों को पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति के समय किसी भी प्रकार की समस्या न हो, जिससे कृषक भाई अपने सट्टे को पूरी तरह अवलोकन कर संतुष्ट हो सके। इस बार सट्टा सुधार का यह अंतिम अवसर हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतिम कैलेंडर जारी होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन नही होगा। दूसरे दिन किसानों की 378 शिकायतों का निस्तारण किया गया।