हम लेते हैं शपथ, नहीं करेंगे पॉलिथीन का प्रयोग
शामली।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पॉलिथीन बैग पर प्रतिबंध को लेकर धार्मिक संस्थान भी आगे आ रहे हैं। शामली के मंदिर हनुमान धाम परिसर को पॉलिथीन मुक्त करने के लिए शपथ ली गई। मंदिर परिसर के दुकानदारों और मंदिर के पुजारियों ने संकल्प लिया कि पॉलिथीन बैग का प्रयोग नहीं करेंगे तथा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
सोमवार को मंदिर हनुमान धाम परिसर में इस संबंध में बैठक हुई। उसमें मंदिर प्रबंध समिति के प्रधान सलील द्विवेदी ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण सभी के लिए कष्टकारी है। प्रदूषण को जनसहयोग से ही कम किया जा सकता है। शासन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलिथीन बैग के इस्तेमाल को बंद करने का आदेश दिया। इसीलिए मंदिर समिति ने भी निर्णय लिया है कि शासन की मंशा के अनुसार मंदिर परिसर को पॉलिथीन मुक्त बनाया जाए। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाएगा कि पॉलिथिन बैग का कतई इस्तेमाल न करें। इस दौरान पंडित प्रभु शंकर शास्त्री, धीरज मोहन शास्त्री, पंडित रामकुमार वशिष्ठ, पंडित अरुण गौड़, पंडित अशोक तिवारी, पंडित विरेंद्र द्विवेदी, पंडित कमलनयन शास्त्री, पंडित अंजनी तिवारी, पंडित अनिल पांडे, मुकेश मैनेजर, धर्मेंद्र कांबोज, सोनू भगत, निखिल गर्ग और मोहित कश्यप आदि मौजूद रहे।
-