मानदेय प्रकरण में फंसे एडीओ पंचायत
कांधला (शामली)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सीएलटीएस (कम्युनिटी लैट टोटल सेनिटेशन) टीम के युवकों से मानदेय देने के नाम पर एडीओ पंचायत ने अवैध वसूली की मांग की। एक कर्मी ने अवैध वसूली की मांग की वीडियो बना ली और वायरल कर दी। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके चलते मंगलवार को आरोपी एडीओ पंचायत भूपेंद्र सिंह के खिलाफ कांधला थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई।
कांधला ब्लाक कार्यालय में सीएलटीएस के लिए दस युवकों को कार्य पर लगाया गया था। तीन महीने से टीम के सदस्यों को मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा था। टीम में कार्य करने वाले गांव हाजीपुर दुगड्डा निवासी सादिक ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व टीम के सभी युवकों का 15-15 हजार रुपये वेतन जिला कार्यालय से भेज दिया गया था। आरोप है कि वेतन देने के नाम पर कांधला ब्लाक कार्यालय में तैनात एडीओ पंचायत भूपेंद्र सिंह ने प्रत्येक सदस्य से तीन-तीन हजार रुपये की मांग की। इसी बीच टीम के सदस्य ने रिश्वत मांगते हुए एडीओ पंचायत की वीडियो रिकार्डिंग कर ली थी और उसे वायरल कर दिया था। सादिक ने आरोप लगाया था कि विरोध करने पर एडीओ ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद मामला जिलाधिकारी तक पहुंचा। उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए आरोपी एडीओ पंचायत को निलंबित करने और सुविधा शुल्क मांगने पर एफाईआर दर्ज कराने का निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। उधर, मंगलवार को गांव हाजीपुर दुगडडा निवासी सादिक की तहरीर पर पुलिस ने एडीओ पंचायत भूपेंद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और जान से मारने की धारा में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। कांधला थानाध्यक्ष ओपी चौधरी ने बताया कि सादिक की तहरीर पर एडीओ पंचायत भूपेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।