शामली। सभी डिग्री कॉलेजों में मंगलवार को यूनिवर्सिटी के निर्देश पर ऑफर लेटर जमा किए गए। छात्र-छात्राएं सुबह कॉलेज खुलते ही ऑफर लेटर जमा करने पहुंच गए। कॉलेजों में आज मेरिट जारी करते हुए पांच जुलाई तक दाखिले किए जाएंगे। पहली ओपन मेरिट में यूनिवर्सिटी ने शिकायतों के चलते सभी को मौका दे दिया है।
खाली सीटों पर दाखिले के लिए मंगलवार को भी कॉलेजों में ऑफर लेटर जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ी रही। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक यूनिवर्सिटी के निर्देशानुसार सोमवार को ओपन मेरिट जारी करते हुए ऑफर लेटर जमा कराने के साथ मंगलवार को दाखिला प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया था। पहली ओपन मेरिट में यूनिवर्सिटी ने पहली और दूसरी मुख्य मेरिट से वंचित छात्र-छात्राओं को बाहर कर दिया था। इसके बाद यूनिवर्सिटी पहुंचे छात्र-छात्राओं की शिकायत के बाद यूनिवर्सिटी ने मेरिट वापस लेते हुए दाखिले से वंचित सभी छात्र-छात्राओं को पहली ओपन मेरिट में दाखिले का मौका दे दिया है। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने मंगलवार को फिर से ओपन मेरिट जारी की। सभी कॉलेजों में मंगलवार दोपहर दो बजे तक ऑफर लेटर जमा करने का सिलसिला जारी रहा। प्राचार्यो ने बताया कि सुबह नौ बजे ऑफर लेटर व खाली सीटों को देखते हुए मेरिट चस्पा कर दाखिले किए जाएंगे। वीवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य डाक्टर वेदकुमारी ने बताया कि कॉलेज में बीए संकाय में 267 सीटें खाली है। इनके सापेक्ष कॉलेज में पहली ओपन मेरिट में 125 छात्र-छात्राओं ने ऑफर लेटर जमा कराए। बची हुई सीटों को दूसरी ओपन मेरिट से भरा जाएगा।