शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को इंटर की भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा के बाद आसान पेपर देख छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी ने विषय का द्वितीय प्रश्नपत्र बेहद आसान बताया।
बोर्ड परीक्षा की द्वितीय पाली में इंटर विज्ञान वर्ग में भौतिक विज्ञान की द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुुई। परीक्षा छूटने के बाद जब शहर के जैन कन्या इंटर कॉलेज में विभिन्न कॉलेजों की परीक्षा देने वाली छात्राओं से बात की गई। उन्होंने पेपर बहुत ही आसान बताया। बनत के देवी उमराकौर कॉलेज की छात्रा प्रीति, शिवानी मलिक ने बताया कि पेपर बहुत आसान रहा। पेपर में संख्यात्मक प्रश्नों की कमी रही है। जबकि थ्योरी के प्रश्न अधिक रहे जो समय रहते अच्छी तरह हल कर दिए। जैन कन्या की छात्रा अक्षुम व रितिका ने बताया कि सभी प्रश्न याद किए हुए आए हैं। वहीं छात्रा ज्योति जयंत, सरवीन ने बताया कि प्रथम प्रश्नपत्र में संख्यात्मक प्रश्न अधिक थे। जिस कारण पास होने की कम उम्मीद थी, लेकिन द्वितीय प्रश्नपत्र आसान आने से पास होने की उम्मीद जगी है। पेपर में संख्यात्मक प्रश्न बहुत ही कम थे। जिस कारण अच्छे अंक आने की उम्मीद है।