शामली। अवकाश न मिलने की पीड़ा से जूझने वाले पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों में तैनात उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों के लिए हर दस दिन में चक्रानुक्रम (रोटेशन) में अवकाश पर रहने की व्यवस्था कर दी है।
पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने शनिवार को ही इस संबंध में आदेश जारी किया। जिले के सभी सीओ और थानाध्यक्षों को इसके अनुपालन का निर्देश दिया गया है। कहा है कि थानों पर नियुक्त उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को हर दस दिन में रोटेशन के हिसाब से अवकाश मिलेगा। इसके साथ आकस्मिक अवकाश या अन्य कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। इसी प्रकार कार्यालयों अथवा शाखा में नियुक्त पुलिसकर्मियों में से कोई एक कर्मी रविवार के अवकाश में भी कार्यालय में मौजूद रहेगा। ताकि कार्य प्रभावित न होने पाए। शेष पुलिसकर्मी रविवार के अवकाश का उपभोग करेंगे, परन्तु कोई भी पुलिसकर्मी अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं करेगा। ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सूचना भेजने के लिए कॉल करके बुलाया जा सके। कार्यालय अथवा शाखा के कौन सा का कर्मी रविवार को अवकाश के दिन मौजूद रहेगा, यह कार्यालय प्रभारी क्रमिक रूप से ड्यूटी लगाकर निर्धारित करेंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि पुलिसकर्मियों को अवकाश के संबंध में निर्देश जारी किया गया है। इससे उन लोगों की परेशानी का समाधान होगा, जो अवकाश नहीं मिलने की परेशानी बताते थे।