कस्बे में भव्य रूप से राम बारात व महाराजा अग्रसेन शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में सुंदर सुंदर मनमोहक झांकियों के अलावा बैंड बाजों की धुनों पर श्रद्धालुगण झूमे।
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार शाम अग्रेसन पार्क से महाराजा अग्रसेन शोभा यात्रा निकाली गई। महाराजा अग्रसेन शोभायात्रा के तुरंत बाद ही श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में श्रीराम बारात निकाली गई। दोनों शोभायात्राओं में श्रीगणेश भगवान, शिव पार्वती, विष्णु भगवान, मां दुर्गा, महाराजा अग्रसेन व राम लक्ष्मण की सुंदर सुंदर झांकियां थी। साथ ही बैंड बाजों की भक्ति भरी धुनों पर श्रद्धालुगण झूम रहे थे। शोभायात्रा चौक बाजार, जोड़ियां कुआं, सराफा बाजार, निर्मल चौराहा, पट्टो वाला, मोहल्ला गुंबद, शामली स्टैंड होते हुए पुन: गऊशाला पर जाकर संपन्न हुई। इस अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ मौजूद रहे।
जमीन पर कब्जा करने का आरोप
थानाभवन। मोहल्ला घंटोवाला निवासी महिला उर्मिला पत्नी प्रमोद ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी भूमि पर पड़ोसियों ने कब्जा कर रखा है। जिसे लेकर पीड़िता ने पहले कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र देकर भूमि से कब्जा हटवाया है। बुधवार को भी पीड़ित की मांग पर कानूनगो अंकित तोमर ने लेखपाल व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच भूमि पर माप कराकर दोनो पक्षों की डोल बंदी करा दी थी। आरोप है कि आरोपियों ने डोल बंदी कराने के कुछ घंटों बाद ही रात्रि में दोबारा डोल तोड़कर भूमि पर कब्जा कर लिया। मामले को लेकर पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।