जिला प्रशासन ने आवंटित की 0.290 हेक्टेयर भूमि
लोक निर्माण विभागी को सौंपी गई इस्टीमेट और नक्शा तैयार करने की जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला मुख्यालय पर गढ़ीपुख्ता रोड स्थित मुंडेट कलां गांव में एनसीसी की 85 यूपी बटालियन को कार्यालय भवन के लिए 0.290 हेक्टेयर भूमि मिल गई है। इसमें भवन निर्माण के लिए इस्टीमेट और नक्शा आदि डिजाइन करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है।
कई दशकों से मुंडेट कलां गांव में 85 यूपी बटालियन की 0.150 हेक्टेयर फायरिंग रेंज स्थापित है। एनसीसी कार्यालय दो दशकों से भैैंसवाल रोड स्थित वीवी पीजी कॉलेज के छात्रावास के सात-आठ कमरों में किराए के भवन में चल रहा है। कई साल से एनसीसी अधिकारियों की ओर से कार्यालय के लिए निशुल्क भूमि की मांग की जा रही थी। जिला प्रशासन ने गढ़ीपुख्ता रोड स्थित मुंडेट कलां गांव में कार्यालय भवन के लिए 0.290 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई है।
बटालियन के कमांडिंग आफिसर सीओ कर्नल विशाल बक्शी ने बताया कि मुंडेट कलां गांव में कार्यालय भवन के लिए 0.290 हेक्टेयर भूमि आवंटित कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली को कार्यालय भवन के निर्माण के लिए इस्टीमेट और नक्शा डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस्टीमेट तैयार होने के बाद केंद्र और प्रदेश सरकार से धनराशि मांगी जाएगी।
तीन माह पूर्व पिलर्स लगाकर दिलाया था कब्जा
शामली। सदर तहसीलदार अजय कुमार सिंह ने बताया कि तीन माह पूर्व ही एनसीसी की यूपी 85 बटालियन के कार्यालय के लिए गढ़ीपुख्ता रोड स्थित गांव मुंडेट कलां भूमि पर कमांडिंग आफिसर का कब्जा दिला दिया गया था। भूमि पर पिलर्स लगाए गए है।
यूपी 85 बटालियन एनसीसी शामली कार्यालय भवन का नक्शा तैयार करके इस्टीमेट बनवाने के लिए आया है। जल्द ही इस्टीमेट तैयार करके बटालियन को भेजा जाएगा। - रविंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली।