झुलसे मजदूर की हालत बिगड़ी
कैराना। दो माह पूर्व विद्युत लाइन पर काम करते वक्त झुलसे युवक की फिर से हालत बिगड़ गई है। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर राई निवासी सद्दाम (26) लगभग दो माह पूर्व विद्युत लाइन पर ठेकेदार की मजदूरी पर कार्य कर रहा था। उसी दौरान शटडाउन के बावजूद लाइन में बिजली छोड़ने पर वह गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसका हरियाणा में भी कई दिनों तक उपचार कराया गया। जहां उसकी हालत में कुछ सुधार हो गया, तो घर आ गया। पिछले दिनों डीएम के शीतकालीन भ्रमण के दौरान परिजनों ने सद्दाम को चारपाई के साथ ले जाकर विद्युत विभाग पर कोई ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया था। इसके बाद एसडीएम ने विद्युत विभाग के एसडीओ को बुलाकर परिवार के मदद किए जाने के निर्देश दिए थे। सोमवार को एक बार फिर से सद्दाम की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसे 108 एंबुलेंस के द्वारा सीएचसी पर भर्ती कराया गया, लेकिन उसे गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।