जिले में 15 से प्रयोगात्मक परीक्षा
शामली। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड ने अभी तक परीक्षार्थियों के नॉमिनल रोल नंबर डीआईओएस कार्यालय पर नहीं भेजे हैं। हालांकि हाईस्कूल और इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षा जनपद में 15 दिसंबर से प्रारंभ होनी है। अभी तक नॉमिनल रोल नंबर नहीं आने से परीक्षार्थी और शिक्षक परेशान हैं।
जनपद में पहले चरण में ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 से 29 दिसंबर निर्धारित है। इस तिथि के बीच प्रधानाचार्य अपनी अपनी सुविधानुसार किसी भी दिन परीक्षाएं करा सकेंगे। क्योंकि इंटर के संस्थागत और प्राइवेट परीक्षार्थियों के अनिवार्य विषय खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा प्रधानाचार्यों को करानी है। अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बाहर से आने वाले परीक्षकों की निगरानी में होगी। वहीं, हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर होगी।
परीक्षकों की सूची वेबसाइट पर हुई जारी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि 15 दिसंबर से प्रारंभ होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए परीक्षकों की सूची आ चुकी है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षकों की सूची हर कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड हो गई है, जिससे सभी कॉलेज अपने अपने कॉलेज में परीक्षकों के नाम देख सकते हैं।
15 से ऑनलाइन अपलोड होंगे अंक
हाईस्कूल और इंटर के आंतरिक मूल्यांकन के अंक परिषद की वेबसाइट ऑनलाइन अपलोड होंगे। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के आंतरिक मूल्यांकन बेसिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा और इंटर के खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक प्रधानाचार्य बोर्ड की साइट पर अपलोड करेंगे, जिसके लिए 15 दिसंबर से वेबसाइट खोल दी जाएगी।
-वर्जन-
प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रारंभ होने में अभी दो दिन बाकी है। जैसे ही बोर्ड से नॉमिनल रोल नंबर आएंगे। जल्द से जल्द सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को सूचित कर कॉलेज भिजवा दिया जाएगा। -एसएम सिद्दीकी डीआईओएस