शामली। जनपद में सरकारी स्कूलों में बच्चों का ज्ञान परखने के लिए नवाचार परीक्षा का आयोजन हुआ। इसमें सभी ब्लाकों के प्राथमिक स्कूलों के लगभग 6500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
जनपद के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं का ज्ञान परखने के लिए नवाचार परीक्षा का आयोजन चल रहा है। बृहस्पतिवार को पांचों ब्लाक पर प्राथमिक स्कूलों में ब्लाक स्तरीय परीक्षा आयोजित कराई गई। इसमें जनपद के सभी ब्लाकों में 550 स्कूलों के कक्षा 2, 3, 4 और 5 के 6500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बीएसए चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा में वहीं बच्चे शामिल हुुए है जिन्होंने स्कूल स्तर की परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक हासिल किए है। सभी की गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, सामान्य ज्ञान और सुलेख परीक्षा कराई गई। सामान्य ज्ञान में 70 प्रश्न के लिए दो घंटे और बाकी विषयों में 30 प्रश्न के लिए एक घंटा दिया गया। परीक्षा 10 बजे से लेकर 3 बजे तक कराई गई। इसके बाद परीक्षा में 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले बच्चे जिला स्तर की परीक्षा में शामिल होंगे। शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उच्च प्राथमिक स्कूलों में ब्लाक स्तरीय परीक्षा छह दिसंबर को कराई जाएगी।