शहर से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष जनपद के विकास से जुड़ी कुछ मांगे रखी हैं। इनमें लिसाढ़ गांव पंचायत की खाली पड़ी भूमि पर औद्योगिक पार्क बनवाने तथा कांधला-कैराना के बीच पीएसी का ट्रेनिंग सेंटर बनवाने की मांग प्रमुख है।
भाजपा नगर महामंत्री सुनील अरोरा ने बताया कि विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने एक दिन पूर्व ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शामली में महत्वपूर्ण कार्य कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि लिसाढ़ गांव दंगा प्रभावित रहा है, जिसके चलते यहां पर औद्योगिक पार्क की स्थापना से रोजगार के साधन मुहैया होंगे। वहीं, आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए कैराना और कांधला के बीच पीएसी का ट्रेनिंग सेंटर भी बनना चाहिए। इसके अलावा मेरठ करनाल हाइवे पर काबड़ौत कृष्णा नदी पर नया पुल बनवाने, लिसाढ़ से गांव सल्फा को जोड़ने वाले मार्ग और गांव डांगरोल में कृष्णा नदी पर पुल बनवाया जाना चाहिए।
उत्पादन गिरने के कारण हो रही बिजली कटौती
शामली। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र गौतम ने बताया कि कोयला खदान क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा होने के कारण कोयले की आपूर्ति कम हो गई है, जिससे विद्युत उत्पादन भी कम हो गया है। इस कारण प्रदेश में थर्मल पावर प्लांट की पांच छह मशीनें उत्पादन नहीं कर रही हैं। इस कारण आकस्मिक बिजली कटौती की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि धैर्य बनाकर रखे तथा विद्युत उत्पादन की स्थिति सामान्य होने पर निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।