नए गन्ना पेराई सत्र की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। लखनऊ में 12 सितंबर को गन्ना सुरक्षण बैठक में शुगर मिलों को आवंटित होने वाले गन्ना केंद्रों का निर्धारण हो जाएगा। गन्ना समिति एवं गन्ना विकास परिषद की बैठकों में नए गन्ना खरीद केंद्र खोलने तथा गत वर्ष के केंद्रों को यथावत रखने की मांग की गई है।
शामली गन्ना सहकारी समिति और गन्ना विकास परिषद की बैठक के बाद प्रस्ताव तैयार करा लिया गया है, जो कि 12 सितंबर को लखनऊ में गन्ना आयुक्त की बैठक में रखा जाएगा। प्रस्ताव में शामली चीनी मिल द्वारा पेराई सत्र 2017-18 के लिए गत वर्ष में सुरक्षित गन्ना खरीद केंद्रों को यथावत रखने की मांग की गई है। ग्राम हिंगोखेडी, शेखपुरा, कंडेला के किसानों की सुविधा अनुसार नया गन्ना खरीद केंद्र खोलने की मांग की गई है। झिंझाना तृतीय, चतुर्थ व वेदखेडी, ओदरी, जैनपुर खरीद केंद्र को गत वर्ष की तरह थानाभवन मिल के लिए सुरक्षित रखने की मांग है। ऊन चीनी मिल के पक्ष में भी विभिन्न गांव के किसानों के क्रय केंद्र को सुरक्षित करने की मांग के प्रार्थना पत्र दिए गए हैं। ग्राम पंचायत फुगाना के खरीद केंद्र छठे व सातवें, ग्राम सिकंदरपुर, खेडा मस्तान प्रथम, मसूरा, वेदखेडी, फतेहपुर, चौतरा द्वितीय, पावटी कला, गोगवान, बीवीपुर, करौंदा महाजन, प्रथम झाडखेडी, बुच्चाखेड़ी प्रथम, द्वितीय, राझड़, रामड़ा के खरीद केंद्रों को ऊन चीनी मिल को सुरक्षित करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
झिंझाना तृतीय व चतुर्थ, वेदखेडी तथा ओदरी जैनपुर को ऊन चीनी मिल से थानाभवन मिल, ऊंचागांव द्वितीय, तितरवाड़ा, सहपत गांव के खरीद केंद्र को गागनौली चीनी मिल में रखने का अनुरोध किया गया है। ग्राम लांक द्वितीय को तितावी चीनी से हटाकर खतौली चीनी मिल को आवंटित करने की मांग है। मुंडभर में नया खरीद केंद्र खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया। भैंसाना चीनी मिल के लिए गत वर्ष आवंटित किए गए खरीद केंद्रों को यथावत रखने का प्रस्ताव है। ऊंचा गांव द्वितीय, तितरवाड़ा, सहपत क्रय केंद्रों को ऊन चीनी मिल से हटाकर गांगनौली मिल में जोड़कर नया केंद्र बनाने की मांग है। असदपुर जिड़ाना के नाम से अंबेहटा- डूडार से विभाजित करके नया केंद्र बनाने व बुच्चाखेडी तृतीय के नाम से नए केंद्र का प्रस्ताव है।
बहावड़ी केंद्र को शामली चीनी मिल से हटाकर तितावी मिल को आंवटित करने व साल्हाखेडी खरीद केंद्र तृतीय को थानाभवन मिल से हटाकर तितावी मिल को सुुरक्षित करने, गांव खरड़, सोंटा प्रथम व द्वितीय को तितावी को आवंटित किए जाने, करौदा हाथी प्रथम व द्वितीय लांक व प्रथम- षष्टम व लाक पट्टी को नया केंद्र खोलने की मांग की है। ग्राम बुटराड़ा, पीपलहेड़ा, आल्दी, बुच्चाखेडी प्रथम व द्वितीय, पंजोखरा, भाजू तृतीय, अलावलपुर तृतीय, बुटराडी, अंबेहटा, डूडार,अलावलपुर खरीद केंद्र को तितावी चीनी मिल को आंवटित किए जाने की मांग की है।
गन्ने का रकबा 5.54 प्रतिशत बढ़ा
शामली। जिले में इस बार गन्ना रकबा 5.54 प्रतिशत बढ़ा है। पेराई सत्र 2016-17 में गन्ना रकबा 51,038.60 हैक्टेयर था। इस साल गन्ना रकबा 53867.83 हैक्टेयर हो गया है। इसमें नई बुवाई 27407.85 हैक्टेयर और पेडी 26459.98 हेक्टेयर है। जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती ने बताया कि इस साल गन्ने की बंपर फसल की बुवाई हुई है।
भुगतान की स्थिति
शामली। जिले की तीनों चीनी मिलों पर अब तक 123 करोड़ 98 लाख रुपये गन्ना मूल्य भुगतान बकाया है। शामली चीनी मिल सितंबर माह में कोई भुगतान नहीं कर पाई है। सबसे ज्यादा शामली चीनी मिल पर 70 करोड़ 11 लाख 57 हजार रुपये बकाया हैं। वहीं, थानाभवन चीनी मिल पर 29 करोड़ 49 लाख 58 हजार रुपये और ऊन चीनी मिल पर 24 करोड़ 36 लाख 95 हजार रुपये बकाया हैं।