भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संगठन प्रत्येक किसान का है। किसानों की समस्याओं का समाधान करना ही संगठन का उद्देश्य है।
शुक्रवार को बाबरी गांव में आयोजित बैठक में चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन है। इस संगठन में हिंदू, मुस्लिम सब एक हैं। यहां जात पात का भेदभाव नहीं है। किसान कोई भी हो किसी भी धर्म का हो वह संगठन का हिस्सा है, क्योंकि यहां किसान हित की लड़ाई लड़ी जाती है। उन्होंने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के सच्चे हमदर्द थे। संगठन द्वारा सभी मामलों का निस्तारण थानों में नहीं बल्कि पंचायत के माध्यम से गांवों में ही कराया जाता है और आगे भी इसके प्रयास किए जाएंगे, ताकि किसान कोर्ट कचहरी के झंझटों से बचें। उन्होंने कहा कि अभी तक सरकार ने गन्ना भुगतान पूर्ण रूप से नहीं कराया है। चौधरी नरेश टिकैत ने बाबरी निवासी मोबीन खान को न्याय पंचायत अध्यक्ष मनोनीत किया। बैठक का संचालन अमरजीत सिंह ने किया। इस दौरान विनोद निर्वाल, मास्टर जाहिद, विपुल निर्वाल, दिनेश मास्टर, समीर खान, आमिर सलमानी, साबिर, पूर्व प्रधान विकास राणा, आबाद खान आदि मौजूद रहे।