तीसरी मेरिट के पहले दिन हुए 67 दाखिले
शामली। जनपद के डिग्री कॉलेजों में चल रही दाखिला प्रक्रिया अभी रफ्तार नहीं पकड़ रही है। तीसरी मेरिट के पहले दिन जनपद के चार राजकीय और एडेड कॉलेजों में सभी संकायों में केवल 67 दाखिले हुए। जिसके बाद भी अभी 1305 सीटें खाली हैं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में यूजी ट्रेडिशनल कोर्सों में चल रही दाखिला प्रक्रिया में यूनिवर्सिटी ने अब बुधवार को तीसरी मेरिट जारी की। जिसका बृहस्पतिवार को दाखिले का पहला दिन रहा। तीसरी मेरिट के बाद भी कॉलेजों में दाखिलों की रफ्तार नहीं बढ़ी। पहले दिन चार राजकीय और एडेड कॉलेजों में केवल 67 दाखिले हुए। कॉलेजों में अब तक सभी संकायों में केवल 987 दाखिले हुए हैं। जिसके बाद अभी भी 2292 सीटों में से 1305 सीटें खाली हैं। तीसरी मेरिट के दाखिले पांच अगस्त तक होंगे। जिसके बाद यूनिवर्सिटी ओपन मेरिट जारी करेगी। एडेड कॉलेजों में बीकॉम में और बीएएसी कृषि में दाखिलों की संख्या में कम ही बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, कांधला राजकीय बालिका कॉलेज में बीएससी में कम दाखिले हुए हैं। बृहस्पतिवार तक वीवी कॉलेज शामली में बीए में 233, बीकॉम में 28, आरके पीजी कॉलेज शामली में बीकॉम में 64, बीएससी गणित में 57, बायो में 74, सांख्यिकी में 41, बीएससी कृषि में केवल 120 में से केलव 25 दाखिले हुए है। जबकि राजकीय विजय सिंह पथिक कॉलेज कैराना में बीए में 125, बीकॉम में 81, बीएससी गणित में 46, बायो में 20 दाखिले हुए। वहीं, राजकीय महिला महाविद्यालय कांधला में अभी तक बीए में 169, बीएससी गणित में 12 और बायो में भी 12 दाखिले ही हो पाए हैं।
एबीवीपी ने आरके कॉलेज में लगाया छात्र सहायता केंद्र
शहर के आरके पीजी कॉलेज में चल रही दाखिला प्रक्रिया के चलते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में जिला संयोजक निविश कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ सहायता केंद्र लगाया। उन्होंने सहायता केंद्र पर भी पंजीकरण फॉर्म भरवाए, दाखिले में लगाए जाने वालेे प्रमाण पत्रों और मेरिट सूची में उसकी संख्या नंबर आदि की पूरी जानकारी दी। इस दौरान पारस, निशांत, शक्ति सिंह, आदित्य, मनीष, रीशु बंसल, अमित, मोहित आदि मौजूद रहे।