चौसाना। क्षेत्र के गांव खोडसमा में गेहूं की फसल में आग लग गई। आग लगने की सूचना पर ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची, लेकिन देखते ही देखते करीब आठ सौ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी पर मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली।
मंगलवार को चौसाना के खोडसमा में दोपहर सिखों के डेरों पर जंगल में पकने के बाद कटाई को तैयार खड़ी किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में तेज हवाओं के कारण आग इतनी भयानक हो उठी की हजारों बीघा गेहूं की फसल के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। किसानों ने आग बुझाने के लिये हरसंभव प्रयास किया। आग लगने के दौरान दूसरे खेतों को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टरों से फसल के एक हिस्से को टीलर से बहा दिया।
काफी मशक्कत के बाद सैकड़ों किसानों के अथक प्रयास के बाद करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक करीब आठ सौ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। किसानों ने फायर ब्रिगेड को भी फोन कर सहायता मांगी, लेकिन गाड़ियां बाद में पहुंची। केवल खानापूर्ति के लिए हजारों बीघा फसल की आग को बुझाने के लिए केवल 400 लीटर टैंक की गाड़ी ही पहुंच पाई।
आग से फतेह सिंह पुत्र हरी सिंह की 70 बीघा, सुरेंद्र पुत्र बल्कीराम 30 बीघा, मंगत पुत्र शांतिलाल 40 बीघा, जगतार व जगजीत सिंह पुत्र मलूक सिंह 40 बीघा, जसबीर पुत्र जीताराम 40 बीघा, बलबीर सिंह पुत्र जीताराम 55 बीघा, बलविंद्र पुत्र सुरता 60 बीघा, सोमपाल सहित परिवार 40 बीघा, नवाब सहित परिवार 35 बीघा, दिलीप सिंह पुत्र जीताराम 35 बीघा, सतपाल पुत्र बलकीराम 20 बीघा, सहेंद्र पुत्र बंता सिंह 25 बीघा, गुरुनाम कौर पत्नी तेजपाल 30 बीघा, दारा सिंह पुत्र मक्खन सिंह 50 बीघा, मुख्तयार सिंह पुत्र रूढसिंह 50 बीघा, सुरेश पुत्र बल्किराम 15 बीघा, साहब सिंह पुत्र हरी सिंह 20 बीघा, रामकुमारी पत्नी जिंदरपाल 55 बीघा फसल बर्बाद हो गई।