शामली में वीवी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने के लिए जाती छात्राएं।
- फोटो : SHAMLI
शामली। जिला मुख्यालय पर वीवी इंटर कालेज शामली परीक्षा केंद्र पर विद्या ज्ञान स्कूल की प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा हुई। दो शिफ्ट में हुई प्रवेश परीक्षा में जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कुल पंजीकृत 1164 विद्यार्थियों में से 737 परीक्षा में सम्मलित हुए।
रविवार को जिला बुलंदशहर के सिकंदराबाद स्थित विद्या ज्ञान स्कूल में कक्षा छह और सात में प्रवेश के लिए प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा हुई। इसके लिए जिला मुख्यालय पर वीवी इंटर कालेज शामली को परीक्षा केंद्र बनाया था। प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा दो शिफ्ट में हुई। पहली शिफ्ट सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक हुई। इस शिफ्ट में केवल बालिकाओं की परीक्षा हुई। इस शिफ्ट में पंजीकृत 582 बालिकाओं में 360 बालिकाओं ने परीक्षा दी और 222 बालिकाएं अनुपस्थित रही। दूसरी शिफ्ट दोपहर ढ़ाई बजे से साढ़े चार बजे तक हुई। इस शिफ्ट में बालकों की परीक्षा हुई। कुल पंजीकृत 582 बालकों में 377 बालकों ने परीक्षा दी जबकि 377 बालक अनुपस्थित रहे। इस तरह से दोनों शिफ्ट में कुल पंजीकृत 1164 बच्चों में 737 ने परीक्षा दी जबकि 427 बच्चे अनुपस्थित रहे।
बीएसए राहुल मिश्रा ने प्रवेश परीक्षा का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। प्रवेश परीक्षा में चयनित बच्चों की अंतिम परीक्षा बाद में विद्या ज्ञान स्कूल पर ही होगी।
----
बालक को दिया बालिका का प्रवेशपत्र
शामली। रविवार को वीवी इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर सुबह पहली शिफ्ट में कांधला ब्लॉक के गांव इस्सोपुरटील निवासी छात्र भोला प्रवेश परीक्षा देने पहुंचा। उसे स्कूल की अध्यापिका की तरफ से जो प्रवेशपत्र दिया गया, उस पर नाम, पता और फोटो उसी का था, लेकिन प्रवेश पत्र बालिका हेतु का था। उसे पहली शिफ्ट में बालिका के साथ परीक्षा में नहीं बैठाया गया। जिला नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दूसरी शिफ्ट में बालक को प्रवेश परीक्षा में सम्मलित किया है। अध्यापिका ने भूल से प्रवेशपत्र बालक के स्थान पर बालिका का दे दिया गया था।