शामली सीएचसी में एचआरपी-डे परआयोजित कैंप में महिला का ब्लड प्रेशर चेक करती चिकित्सक।
- फोटो : SHAMLI
शामली। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले के सभी छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। 722 महिलाओं की जांच में 140 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाएं चिन्हित की गई, जिन्हें भरपूर पोषण की सलाह दी गई। एक महिला में हीमोग्लोबिन कम होने पर रक्त चढ़ाया गया।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर महीने की नौ तारीख को हाई रिस्क प्रेगनेंसी डे यानि एचआरपी डे के रूप में मनाया जाता है। इस दिन जिले की सभी सीएचसी पर गर्भवती महिलाओं की जांच कर उपचार दिया जाता है। जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को निशुल्क अल्ट्रासाउंड और रक्त चढ़ाया जाता है। बृहस्पतिवार को सीएचसी शामली में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजीत कौर की कुड़ाना सीएचसी पर नसबंदी आपरेशन कैंप में ड्यूटी लगी होने के कारण उनके स्थान पर चिकित्साधिकारी डॉ. आफरीन ने महिलाओं के ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच कर दवा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान सीएचसी में गर्भवती महिलाओं की भीड़ लगी रही।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी छह सीएचसी पर 722 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 140 उच्च जोखिम वाली पाई गई है। 124 को आयरन सुक्रोज दिया गया। 230 गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की जांच की गई। सीएचसी शामली में एक गर्भवती महिला में हीमोग्लोबिन कम पाए जाने पर रक्त चढ़ाया गया। सबसे अधिक 238 गर्भवती महिलाओं की जांच सीएचसी कैराना पर हुई।
गर्भवती महिलाओं की जांच की स्थिति
सीएचसी - जांच - एचआरपी में चिन्हित
कुड़ाना - 144 -27
ऊन - 104 - 20
कांधला - 85 - 28
कैराना - 238 - 52
शामली - 73 -06
थानाभवन - 78 - 07