शामली। खाप चौधरियों की बैठक में समाज से कुरीतियों को दूर करने और आदर्श खाप समाज की स्थापना के लिए विचार विमर्श किया गया। साथ ही युवा और महिला शक्ति को साथ लेकर 26 मई को गाजियाबाद में महापंचायत करने का निर्णय लिया गया।
शनिवार को झिंझाना रोड स्थित टीचर कालोनी में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के अध्यक्ष एवं निर्वाल खाप भारत के चौधरी राजबीर सिंह मुंडेट के आवास पर खाप चौधरियों की बैठक हुई। उसमें खाप व्यवस्था को पुन: सक्रिय करने के लिए समाज से कुरीतियों को समाप्त कर आदर्श खाप समाज की स्थापना पर जोर दिया गया। खाप चौधरियों ने कहा कि युवाओं तथा महिलाओं को साथ लेकर खाप व्यवस्था को देश में लोकप्रियता प्राप्त करने के लिए आगामी 26 मई को गाजियाबाद में महापंचायत होगी। जिसमें सर्वखाप मंत्री को मजबूती के साथ खाप चौधरियों की प्रति वर्ष एक कार्यशाला कराने की व्यवस्था कराई जाएगी। जिससे समयानुसार परिवर्तन के साथ खाप चौधरी अपनी भूमिका का निर्वाह कर सकें।
पंचायत में उत्तर प्रदेश निर्माण समिति के चौधरी अजय कुमार ने छोटे प्रदेशों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश का नाम देकर एक छोटा प्रदेश निर्माण में खाप चौधरियों से समर्थन मांगा। जिसका खाप चौधरियों ने समर्थन किया। अध्यक्षता सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान और संचालन चौधरी रविंद्र चाहर ने किया। इस दौरान पुनिया खाप से चौधरी किरणपाल सिंह, कुंडू खाप से चौधरी उपेंद्र सिंह, बूढियान खाप चौधरी जसबीर सिंह, गठवाला खाप से राजेंद्र सिंह मलिक, देशपाल खाप से शरणवीर सिंह, बेनीवाल खाप से अमित चौधरी, पान्नू खाप से रणधीर सिंह, बतीसा खाप से चौधरी अजय कुमार, पूर्व डीएफओ ओमप्रकाश मलिक, चौधरी हरबीर सिंह फुगाना आदि मौजूद रहे।